धनबाद : 31 जनवरी 2026 को शिक्षा के क्षेत्र में क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की।
विद्यालय ने इनोवेंचर प्लस एवं आईआईटी हैदराबाद ई-सेल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय नवाचार रैंकिंग एवं पुरस्कार में झारखंड राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतिष्ठित सम्मान आईआईटी हैदराबाद ई-सेल के सहयोग से प्रदान किया गया।
इस राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार समारोह का आयोजन निकमार विश्वविद्यालय परिसर, पुणे (महाराष्ट्र) में किया गया। कार्यक्रम में देशभर के चुनिंदा विद्यालयों ने भाग लिया, जहाँ भारत के 28 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 126 विद्यालयों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक नवाचार एवं रचनात्मक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल को विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच तथा भविष्य उन्मुख कौशलों के विकास हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों के कारण यह सम्मान प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों के समर्पण तथा प्रबंधन की दूरदर्शिता को दर्शाती है।
समारोह के दौरान राष्ट्रीय विद्यालय नवाचार पुरस्कार प्रदान किए गए, साथ ही शैक्षिक विषयों पर विचार-विमर्श, विद्यार्थियों के नवाचार मॉडलों का प्रदर्शन तथा शिक्षा विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किए गए।
यह सम्मान विद्यालय के ओलंपियाड समन्वयक श्री सोमन चटर्जी ने प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सामूहिक सहयोग और अथक परिश्रम का यह परिणाम है, जिसने क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल को राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।
निदेशक श्री ईसा शमीम ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
प्रधानाचार्या श्रीमती विजेता दास ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता भविष्य में और बेहतर उपलब्धियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
